खैरागढ़. जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने वनांचल क्षेत्र का व्यापक दौरा कर विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने जिले के अंतिम छोर में बसे गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। दौरे के दौरान विकास कार्यों की सौगात मिलने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

छुईखदान विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बकरकट्टा में नवीन ग्राम पंचायत भवन का भूमिपूजन किया गया। वहीं ग्राम सहसपुर में अतिरिक्त कक्ष एवं स्कूल भवन का लोकार्पण कर विद्यार्थियों और ग्रामीणों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं की सौगात दी गई। इसके अलावा नवागांव में भवन का लोकार्पण किया गया। ग्वालगुंडी में भी विक्रांत सिंह ने जनसंपर्क कर ग्रामीणों से मुलाकात की तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं और विकास संबंधी मुद्दों पर चर्चा की।

दौरे का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव जिले के अंतिम छोर में बसे ग्राम कांसीबाहरा, सिंगबोरा और ग्वालगुंडी रहे, जहां उन्होंने विशेष रूप से बैगा परिवारों से मुलाकात की। ग्रामीणों ने अपने बीच जनप्रतिनिधि को पाकर खुशी व्यक्त की। उल्लेखनीय है कि इन दूरस्थ गांवों में देश की आजादी के बाद पहली बार विद्युतीकरण का कार्य हुआ है। बिजली पहुंचने से ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और लोगों में नई उम्मीद जगी है।
बैगा परिवारों एवं ग्रामीणों से चर्चा के दौरान महिलाओं ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विक्रांत सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की सुविधाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और भविष्य में भी यहां बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया, ताकि योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक समय पर पहुंच सके।
कार्यक्रम में साल्हेवारा मंडल भाजपा अध्यक्ष शत्रुघ्न साहू, जिला भाजपा सह-कोषाध्यक्ष ललित सोनी, मन्नू मरकाम, निजाम मंडावी, पारासर ठाकरे, महेंद्र यादव, मुंजन यादव, नान्हे पटेल, संतोष ठाकुर, संतोष यादव, खेमू पांचे, पवार सिंह, सतीष वर्मा, ओमलाल साहू, शकुन यादव, मोनिया कुम्भकार, शिव यादव, विष्णु ठाकरे, बुधलाल पटेल, अलेन मरकाम, समार सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


