खैरागढ़, 05 फरवरी 2026. छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिला खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई की समस्त 221 ग्राम पंचायतों में 7 फरवरी 2026 को रोजगार दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन चावल महोत्सव एवं आवास दिवस के साथ एकीकृत रूप से संपन्न होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की प्रमुख योजनाओं से जोड़ते हुए लाभों की त्वरित और पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायतों एवं मनरेगा कार्यस्थलों पर ग्रामीणों को विकसित भारत–जी राम जी के प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान पंचायत परिसरों में चस्पा QR कोड स्कैन कराकर श्रमिकों और हितग्राहियों को योजनाओं से अवगत कराया जाएगा।
रोजगार दिवस के अवसर पर मनरेगा अंतर्गत आजीविका डबरी निर्माण, जल संरक्षण और अन्य रोजगारमूलक कार्यों की विशेषताओं को बताया जाएगा तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों को योजना का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया जाएगा। वहीं ‘आवास दिवस’ के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित गतिविधियाँ संचालित होंगी, जिनमें पात्र हितग्राहियों की सूची का वाचन, नए स्वीकृत आवासों के प्रमाण पत्रों का वितरण और निर्माण कार्य में आ रही तकनीकी व प्रशासनिक समस्याओं का समाधान शामिल है।
ई-केवाईसी, लंबित किस्तों का भुगतान, 90 दिनों की अकुशल मजदूरी की राशि जैसे प्रकरणों का मौके पर निराकरण किया जाएगा। साथ ही निर्माण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्व-सहायता समूहों के माध्यम से ‘सामग्री बैंक’ की स्थापना की जाएगी।
जिला पंचायत सीईओ श्री पटेल ने बताया कि इस संयुक्त आयोजन से ग्रामीणों को अब दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुँचेगा।




