खैरागढ़. छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी 2026 को जिले के खैरागढ़ में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का आयोजन कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे ने बताया कि परीक्षा के लिए कुल 564 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली में प्रातः 10:00 से 12:00 बजे तक सामान्य अध्ययन और दूसरी पाली में अपरान्ह 3:00 से 5:00 बजे तक एप्टीट्यूड की परीक्षा होगी। परीक्षा जिले के दो केंद्रों—रानी रश्मिदेवी सिंह शासकीय महाविद्यालय, खैरागढ़ (केंद्र क्रमांक 2901) तथा डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बक्सी मॉडल शासकीय मल्टी हायर सेकेंडरी स्कूल, खैरागढ़ (केंद्र क्रमांक 2902)—में आयोजित की जाएगी।
प्रवेश को लेकर स्पष्ट किया गया है कि प्रथम पाली के लिए केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 9:45 बजे और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 2:45 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षार्थियों को मूल पहचान पत्र (आधार/मतदाता पहचान पत्र/ड्राइविंग लाइसेंस/पैन कार्ड) तथा फोटोयुक्त प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से लाना होगा। केवल नीले या काले बॉल प्वाइंट पेन की अनुमति रहेगी।
ड्रेस कोड के तहत हल्के रंग के आधी बांह के वस्त्र ही मान्य होंगे; गहरे रंग, डिजाइनर कपड़े और फुल स्लीव वर्जित हैं। केंद्राध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र कुमार साखरे ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचें, ताकि मेटल डिटेक्टर जांच, मैन्युअल तलाशी और पहचान सत्यापन समय पर पूरा हो सके।

