दुर्ग/खैरागढ़. छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ दुर्ग संभाग के अध्यक्ष ललित साहू के नेतृत्व में दुर्ग संभाग के लगभग 50 पत्रकारों का दल धार्मिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण के लिए ओडिशा के जगन्नाथ पुरी रवाना हुआ। सभी पत्रकार दुर्ग से एसी बस के माध्यम से इस चार दिवसीय यात्रा पर निकले। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने हरी झंडी दिखाकर पत्रकारों को रवाना किया और सभी के सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
रवाना होने से पहले सांसद विजय बघेल ने कहा कि पत्रकार समाज का जागरूक प्रहरी होता है और ऐसी यात्राएं उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक अनुभव भी प्रदान करती हैं। उन्होंने पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस यात्रा से उन्हें देश की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

चार दिवसीय इस भ्रमण के दौरान पत्रकारों का दल विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ के दर्शन करेगा। इसके अलावा ऐतिहासिक कोणार्क सूर्य मंदिर, समुद्र तट स्थित पूरी बीच तथा भुवनेश्वर के प्रसिद्ध लिंगराज मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण किया जाएगा।
यह धार्मिक-सांस्कृतिक यात्रा 15 मार्च से प्रारंभ होकर 18 मार्च तक चलेगी। यात्रा के दौरान पत्रकार विभिन्न ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थलों का अवलोकन कर प्रदेश लौटेंगे।
इस भ्रमण में खैरागढ़ क्षेत्र से भी दो पत्रकार साकेत श्रीवास्तव और मनोहर सेन शामिल हैं। दोनों पत्रकारों के इस यात्रा में शामिल होने पर खैरागढ़ के पत्रकार साथियों और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
यह यात्रा पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, अनुभवों के आदान-प्रदान और आध्यात्मिक वातावरण में समय बिताने का एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।

