खैरागढ़. छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा श्रम विभाग ने पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी एवं विवरण अपडेट महाअभियान शुरू किया है। अभियान का उद्देश्य श्रमिकों के आधार कार्ड और श्रमिक पंजीयन में दर्ज विवरण का मिलान कर त्रुटियों का समय रहते सुधार करना है, ताकि शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक बिना किसी बाधा के पहुंच सके।
श्रम विभाग के अनुसार अभियान के दौरान श्रमिक अपने पंजीयन में दर्ज नाम (हिंदी एवं अंग्रेजी), जन्मतिथि, लिंग (जेंडर) तथा मोबाइल नंबर में आवश्यक संशोधन करा सकेंगे। यदि आधार कार्ड और श्रमिक पंजीयन में दर्ज जानकारी में किसी प्रकार का अंतर पाया जाता है, तो आधार आधारित ई-केवाईसी के माध्यम से उसे अद्यतन किया जाएगा। इससे श्रमिकों का रिकॉर्ड पूरी तरह प्रमाणिक होगा और भविष्य में योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आएगी।
विभाग ने बताया कि विवरण अपडेट कराने के लिए श्रमिकों को मूल आधार कार्ड की स्पष्ट प्रति और सहमति पत्र के साथ अपने निकटतम श्रम विभाग कार्यालय, जनपद पंचायत स्थित श्रम संसाधन केंद्र या निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) में संपर्क करना होगा। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका पंजीयन विवरण अद्यतन कर दिया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वे इस महाअभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए समय पर अपना आधार आधारित ई-केवाईसी एवं दस्तावेजों का सत्यापन अवश्य कराएं। प्रशासन का कहना है कि समय पर विवरण अद्यतन होने से श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं हितलाभों का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहेगा। अभियान से संबंधित अधिक जानकारी के लिए श्रमिक अपने निकटतम श्रम विभाग कार्यालय, जनपद पंचायत स्थित श्रम संसाधन केंद्र अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से संपर्क कर सकते हैं।


