खैरागढ़. विभागीय पदोन्नति, वेतन विसंगति सहित 6 सूत्रीय मांगों को लेकर राजस्व पटवारी संघ, छत्तीसगढ़ के आह्वान पर सोमवार को राजस्व पटवारी संघ खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के पटवारियों ने जिला मुख्यालय खैरागढ़ के अंबेडकर चौक में एकदिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलन को उस समय और मजबूती मिली, जब छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के पदाधिकारी धरना स्थल पहुंचकर पटवारियों की मांगों का खुला समर्थन किया।
फेडरेशन के जिला संयोजक प्रखर शरण सिंह ने कहा कि राजस्व पटवारी संघ की वर्षों से लंबित पदोन्नति और वेतन विसंगति सहित अन्य मांगें पूरी तरह न्यायोचित हैं। कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन इन मांगों का पूर्ण समर्थन करता है और सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करता है। इस दौरान जिला महासचिव रमेंद्र कुमार डड़सेना, अनिल देवांगन, ध्रुव कुमार सोनी, दिलीप सिंह बैस, अजय सिंह राजपूत और उमेश कुमार साहू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
संभाग अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द मांगें नहीं मानीं तो प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। इधर, पटवारियों के सामूहिक अवकाश के कारण सोमवार को तहसीलों में आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र तथा भूमि संबंधी राजस्व कार्य प्रभावित रहे, जिससे किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।


