बेमेतरा. साजा विधानसभा क्षेत्र के परपोड़ी थाना अंतर्गत ग्राम कामकावाड़ा में बुजुर्ग दंपती की घर में घुसकर हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान बलिराम साहू (85 वर्ष) और उनकी पत्नी कचरी बाई साहू (75 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों अपने घर में रहते थे।
आशंका जताई जा रही है कि 12 अगस्त की रात जब बुजुर्ग दंपती अपने घर में सो रहे थे, उसी दौरान देर रात किसी अज्ञात आरोपी द्वारा घर में घुसकर दोनों की नृशंस हत्या कर दी गई। हालांकि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी एक है या एक से अधिक, और हत्या का वास्तविक कारण क्या था, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हो पाई है।
बताया गया है कि बुजुर्ग दंपती के तीन बेटे हैं। इनमें से एक पुत्र गांव में ही दूसरे मकान में रहता है, जबकि एक नागपुर और दूसरा रायपुर में रहता है। घटना के बाद जब ग्रामीणों को बुजुर्ग दंपती के घर में शव मिले तो तत्काल परपोड़ी पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही परपोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही वारदात से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल इस सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड में हत्या की वजह, आरोपी की संख्या और वारदात का पूरा घटनाक्रम स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।



