खैरागढ़/छुईखदान. नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर देश की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर महिलाओं के अधिकारों के विरोध का आरोप लगाते हुए प्रदेश के सभी जिलों में पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। छुईखदान में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और इसे “महिला विरोधी मानसिकता” करार दिया।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष आयश सिंह (बोनी) ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिसके माध्यम से लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया। उनका आरोप है कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने इस पहल का विरोध कर महिलाओं को उनका अधिकार मिलने से रोकने की कोशिश की है।
उन्होंने कहा कि “देश की मातृशक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले इस अधिनियम का विरोध कर कांग्रेस ने एक बार फिर अपने महिला विरोधी चरित्र को उजागर किया है। कांग्रेस हमेशा महिलाओं को केवल वोट बैंक के रूप में देखती आई है, जबकि भाजपा उन्हें नेतृत्व में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजयुमो छुईखदान मंडल अध्यक्ष नवीन चंद्राकर ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। उनके अनुसार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है, जो देश के विकास को गति दे रही है।
उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाएं हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस को महिलाओं का यह बढ़ता नेतृत्व स्वीकार नहीं है। जब महिलाएं जनप्रतिनिधि बनकर विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देना चाहती हैं, तब विपक्ष उनके रास्ते में बाधा बन रहा है।”
भाजयुमो नेताओं ने यह भी दावा किया कि देशभर की महिलाओं में इस अधिनियम को लेकर उत्साह था, लेकिन विपक्ष के विरोध ने उनकी उम्मीदों को आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और उन्हें उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस दिशा में संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान जिला महामंत्री नवनीत जैन, अनुसूचित जनजाति जिला अध्यक्ष पन्ना मांडवी, मंडल अध्यक्ष भावेश कोचर, मंडल महामंत्री रोशन चंद्राकर, मीडिया प्रभारी संदीप महोबिया, युवामोर्चा जिला उपाध्यक्ष शैलेश जैन, जिला मंत्री कमलेश साहू, युवामोर्चा मंडल अध्यक्ष नवीन चंद्राकर, सुरेंद्र तिवारी, विश्वनाथ चंद्राकर, गजेंद्र महोबिया, दीपक राजपूत, शुभम विश्वास, अभिजीत चंद्राकर, हिरेंद्र चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नारी आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे पर सत्ता और विपक्ष के बीच बढ़ता टकराव आने वाले समय में और तेज हो सकता है, जिसका असर व्यापक राजनीतिक विमर्श पर भी देखने को मिलेगा।


