खैरागढ़. प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी ग्राम उदयपुर से पावन शिव धाम शिवकोकड़ी तक भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। सावन मास के पवित्र अवसर पर आयोजित होने वाली इस कांवड़ यात्रा को लेकर शिव भक्तों में खासा उत्साह है। 17 अगस्त, सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर भगवान शिव के जयघोष के साथ शिवकोकड़ी के लिए रवाना होंगे।
कांवड़ यात्रा का नेतृत्व जिला पंचायत सभापति ललित चोपड़ा करेंगे। उन्होंने बताया कि यह कांवड़ यात्रा का दूसरा वर्ष है। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी यात्रा को भव्य एवं धार्मिक उत्साह के साथ आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। यात्रा के दौरान शिव भक्त हाथों में कांवड़ लेकर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ शिवधाम शिवकोकड़ी पहुंचेंगे, जहां यात्रा का विधिवत समापन होगा।
कांवड़ यात्रा को लेकर क्षेत्र के शिव भक्तों में उत्साह का माहौल है। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई स्थानों पर शिव भक्तों एवं स्थानीय लोगों द्वारा जलपान की व्यवस्था भी की जाएगी। कांवड़ियों के लिए जगह-जगह पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है, ताकि पूरी यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हो सके।
आयोजकों के अनुसार कांवड़ यात्रा में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा के माध्यम से भगवान शिव के प्रति आस्था और भक्ति का संदेश दिया जाएगा। उदयपुर से शिवकोकड़ी तक निकलने वाली यह धार्मिक यात्रा क्षेत्र में आस्था, भक्ति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बनेगी।




