छुईखदान. श्रद्धा, सेवा, अनुशासन और सामाजिक एकता का अनुपम संगम रविवार को छुईखदान में देखने को मिला, जब छुईखदान बोल बम समिति का 80 सदस्यीय कांवड़िया जत्था पवित्र बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर (झारखंड) के लिए रवाना हुआ। नगर में "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष के बीच निकली यात्रा ने पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। श्रद्धालुओं का नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।
इस वर्ष की यात्रा कई मायनों में विशेष रही। बोल बम समिति ने अपनी स्थापना के 19वें वर्ष में प्रवेश करते हुए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की। कभी महज सात शिवभक्तों के साथ शुरू हुई यह यात्रा आज 80 श्रद्धालुओं के विशाल परिवार का रूप ले चुकी है। यह विस्तार समिति के वर्षों के समर्पण, अनुशासन, सेवा भावना और भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक माना जा रहा है।
यात्रा में इस बार खैरागढ़ से विजय सोनी, छुईखदान से पिल्लू यादव एवं उनके गौसेवक साथियों ने भी सहभागिता निभाई। उनकी उपस्थिति ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और एकजुटता का संदेश भी दिया।
रवानगी के अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री डॉ. नवनीत जैन एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष भवेश कोचर ने सभी कांवड़ियों को यात्रा बैग भेंट कर शुभकामनाएं दीं। वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा, मंडल छुईखदान ने सेवा कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को मेडिकल किट और ट्रेन यात्रा के लिए नाश्ता पैकेट वितरित किए।
बोल बम समिति के अध्यक्ष संजय महोबिया ने बताया कि समिति पिछले 19 वर्षों से लगातार बाबा धाम यात्रा का सफल आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक एकता का महापर्व बन चुकी है। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिवभक्तों, सहयोगियों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से यह पावन परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है।
समिति के वरिष्ठ सदस्य पीयूष महोबिया ने कहा कि वर्षों से जुड़े साथियों की निष्ठा और अथक मेहनत के कारण आज बोल बम समिति एक मजबूत एवं प्रेरणादायी संगठन के रूप में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने भविष्य में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को इस आध्यात्मिक यात्रा से जोड़ने का संकल्प भी दोहराया।
इस अवसर पर समिति के प्रारंभिक दौर से जुड़े संजय महोबिया, पीयूष महोबिया, प्रशांत महोबिया, सचिन महोबिया, शैलू महोबिया, मुकेश महोबिया, मनोज निषाद, सोहन पाल और पप्पू चंद्राकर सहित अनेक वरिष्ठ सदस्यों के योगदान का विशेष रूप से स्मरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इन सभी के समर्पण, संगठन क्षमता और निरंतर प्रयासों के कारण आज बोल बम समिति नगर की एक प्रतिष्ठित धार्मिक एवं सामाजिक संस्था के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुकी है।
इस वर्ष की यात्रा में भारतीय जनता युवा मोर्चा, मंडल छुईखदान के कार्यकर्ताओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। इनमें मंडल अध्यक्ष नवीन चंद्राकर, महामंत्री विश्वनाथ चंद्राकर, शुभम चंद्राकर सहित अन्य युवा कार्यकर्ता बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए बाबा धाम रवाना हुए।
रवानगी के दौरान पूरा नगर शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। जगह-जगह श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया और "हर-हर महादेव" व "बोल बम" के गगनभेदी जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। 19 वर्षों से निरंतर जारी यह यात्रा आज छुईखदान में केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि आस्था, सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता और संगठन की जीवंत मिसाल बन चुकी है।


