खैरागढ़/छुईखदान. धार्मिक आस्था और भक्ति भाव से सराबोर वातावरण के बीच ग्राम खुड़मुड़ी में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा में स्थानीय विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। ग्राम के वरिष्ठ नागरिक श्री मेघनाथ चंदेल के निवास पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली।

विधायक श्रीमती वर्मा ने कथा स्थल पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण एवं श्रीमद् भागवत महापुराण की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पूरा वातावरण भक्ति रस में डूबा नजर आया और श्रद्धालु कथा श्रवण में तल्लीन दिखे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती वर्मा ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शन है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन व्यक्ति को नैतिक मूल्यों से जोड़ते हैं और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं समरसता को मजबूत करते हैं। “भागवत कथा का संदेश हमें अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए, तभी इसका वास्तविक लाभ समाज को मिल सकेगा,” उन्होंने कहा।
विधायक ने कथावाचक महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर कथा श्रवण का लाभ लिया और श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भक्ति रस का आनंद भी लिया। उनकी सहज उपस्थिति और सहभागिता से ग्रामीणों में विशेष उत्साह का माहौल रहा।
इस अवसर पर आयोजनकर्ता श्री मेघनाथ चंदेल एवं उनके परिवार के साथ ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिक, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने ग्राम खुड़मुड़ी में धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश दिया।


