खैरागढ़. खैरागढ़ विकासखंड के संकुल केंद्र दपका में 10 अक्टूबर 2026 को संकुल स्तरीय त्रैमासिक परीक्षा समीक्षा कार्यशाला 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संकुल अंतर्गत विभिन्न शालाओं के प्रधान पाठकों, शिक्षकों एवं त्रैमासिक परीक्षा में कक्षा पांचवीं, आठवीं, नौवीं और दसवीं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य परीक्षा परिणामों की समीक्षा करने के साथ शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक प्रयासों पर चर्चा करना रहा।
कार्यशाला में संकुल प्राचार्य कृष्ण चन्द्र केहरी, संकुल समन्वयक गिरवर बंजारे, पूर्व प्राचार्य प्रेम लाल महिमा, पूर्व माध्यमिक शाला दपका के प्रधान पाठक रघुनाथ प्रसाद सिन्हा, पिपलाकछार के प्रधान पाठक शरद कुमार सिंह, प्राथमिक शाला दपका की प्रधान पाठक ज्योति अग्रवाल, कुम्ही की प्रधान पाठक भूमि रावटे, कलकसा के प्रधान पाठक हरेंद्र कुमार साहू तथा पीपलाकछार के प्रधान पाठक हेमलाल साहू उपस्थित रहे।
मेधावी छात्राओं ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
संकुल स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली कक्षा दसवीं की छात्रा रेणुका वर्मा और कक्षा आठवीं की छात्रा योगिता सिन्हा को कार्यशाला में मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। दोनों छात्राओं ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रार्थना सभा आयोजित की गई। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष के हाथों शाला स्तर पर त्रैमासिक परीक्षा में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मोबाइल से जुड़े डीईओ, बच्चों से पूछे पहाड़े और अंग्रेजी के शब्द
कार्यशाला के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी देवांगन को मोबाइल फोन के माध्यम से बैठक से जोड़ा गया। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे बातचीत कर उनकी शैक्षणिक तैयारी का जायजा लिया। इस दौरान बच्चों से पहाड़े सुनाने के साथ अंग्रेजी के शब्दों, जैसे गुड आफ्टरनून, गुड नाइट और एप्लीकेशन आदि की स्पेलिंग बताने को कहा गया। इस संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक दक्षता को परखने और उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।
बेहतर शिक्षा के लिए दिलाई गई शपथ
कार्यशाला में संकुल केंद्र एवं अंतर्गत आने वाली सभी शालाओं को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने और परीक्षा परिणामों को और बेहतर करने के लिए सामूहिक रूप से शपथ ग्रहण कराया गया। बैठक में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के साथ विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और शिक्षकों की जिम्मेदारी को प्रभावी ढंग से निभाने पर जोर दिया गया।
संकुल स्तरीय इस कार्यशाला के माध्यम से परीक्षा परिणामों की समीक्षा, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, अधिकारियों का मार्गदर्शन और विद्यालयों के समग्र विकास के लिए सामूहिक संकल्प लेने की पहल की गई।


