खैरागढ़. जिले के जालबांधा चौकी क्षेत्र में एक युवक के लापता होने और आज दो दिन बाद शुक्रवार को उसका शव मिलने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान अवधराम निषाद (30 वर्ष), पिता बिसारद निषाद, निवासी परसबोड़ के रूप में हुई है, जो पिछले दो से तीन वर्षों से ट्रैक्टर-लोडर वाहन चलाने का काम कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अवधराम निषाद 17 मार्च, मंगलवार की शाम लगभग 7:30 बजे साल्हे खुर्द से अपने घर परसबोड़ जाने के लिए रगरा के रास्ते निकला था। वह लकड़ी ठेकेदार पुरुषोत्तम वर्मा, निवासी ग्राम साल्हे खुर्द, के यहां पिछले तीन वर्षों से वाहन चालक के रूप में कार्यरत था। घटना के दिन भी वह रोजाना की तरह काम खत्म कर एक अन्य ड्राइवर के साथ गांव की ओर रवाना हुआ था।
बताया जा रहा है कि ठेकेदार पुरुषोत्तम वर्मा ने परिजनों को जानकारी दी थी कि अवधराम ने वहां से निकलते समय शराब पी रखी थी। उसके पास मोबाइल फोन भी था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।

रातभर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। अगले दिन बुधवार को मामले की सूचना छुईखदान थाना में दी गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय सहित छुईखदान, खैरागढ़ और जालबांधा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान ग्राम जोरातराई के पास खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव बरामद किया गया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
मृतक के बारे में बताया गया है कि वह विवाहित था और उसके चार छोटी-छोटी बेटियां हैं। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है, जिसमें दुर्घटना, आपराधिक घटना या अन्य कारणों की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं ग्रामीणों और परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


