खैरागढ़. शहर में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब गैस गोदाम के पास एक अज्ञात युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मृत अवस्था में मिला। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक दोपहर करीब 3 बजे इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक उसे चक्कर आया और वह सड़क किनारे गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे संभालने और मदद पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। युवक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इधर जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और नौतपा के चलते लगातार तापमान बढ़ रहा है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों से दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने तथा सिर और चेहरा ढककर रखने की अपील लगातार की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत अत्यधिक गर्मी या हीट स्ट्रोक के कारण भी हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना ने एक बार फिर भीषण गर्मी के बीच सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।


