खैरागढ़. संगीत नगरी के नया बस स्टैंड स्थित वार्ड क्रमांक 18 में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी होलिका दहन का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। रविवार रात शुभ मुहूर्त में वार्डवासियों ने एकजुट होकर पूजन-अर्चन किया, जिसके साथ ही नगर में रंगों के महापर्व का औपचारिक आगाज हो गया।
इस आयोजन की खास बात यहाँ दिखने वाला सामाजिक सौहार्द रहा। कार्यक्रम में वार्ड के बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के स्थानीय नेताओं ने भी शिरकत की। सभी ने आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे को गुलाल लगाया और गले मिलकर भाईचारे का संदेश दिया।

जैसे ही होलिका की अग्नि प्रज्वलित हुई, पूरा वातावरण ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक फाग गीतों से गूंज उठा। बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों की मौजूदगी में युवाओं ने जमकर नृत्य किया। वार्डवासियों के अनुसार, यह त्योहार हमें बुराई पर अच्छाई की जीत और प्रेम भावना से रहने की प्रेरणा देता है। नया बस स्टैंड क्षेत्र में उमड़ी इस भारी भीड़ ने एकता की अनूठी मिसाल पेश की, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल निर्मित हो गया है।


