खैरागढ़. दशहरा और दीपावली पर्व के दौरान जिलेवासियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। कलेक्टर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर पिछले एक माह से जारी इस अभियान के तहत किराना दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी और खाद्य निर्माण करने वाली विभिन्न फर्मों का निरीक्षण कर कुल 31 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए हैं।


उप संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पाण्डेय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार घृतलहरे एवं कार्यालयीन स्टॉफ ने खैरागढ़, छुईखदान, गंडई, नर्मदा, ठेलकाडीह और जालबांधा के प्रतिष्ठानों में जांच की। इस दौरान सोहन केक, पेड़ा, गाठिया, गुलाब जामुन, मोतीचूर लड्डू, काजू कतली, मिनी पेड़ा, मैदा, गुपचुप पैलेट, वनस्पति, चायपत्ती, दूध पाउडर, आटा, मैगी, ओट्स, फॉर्च्यून ऑयल, टोस्ट, दाल, हल्दी, मिर्च, काजू कुकीज, सूजी टोस्ट, साबूदाना, सिंघाड़ा आटा, ढोकला, इडली और एवरेस्ट मसाले सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

विभाग के अनुसार कुल 16 विधिक एवं 15 सर्विलांस खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वहीं पूर्व में संग्रहित नमूनों की जांच रिपोर्ट में अमानक पाए गए खाद्य पदार्थों, बिना खाद्य अनुज्ञप्ति अथवा पंजीयन के कारोबार करने तथा असुरक्षित पान मसाले से जुड़े मामलों सहित अन्य खाद्य सुरक्षा प्रकरणों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
पैकिंग और एक्सपायरी देखकर ही खरीदें खाद्य सामग्री
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदते समय बैच नंबर, पैकेजिंग डेट, एक्सपायरी डेट और अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच अवश्य करें। किसी भी प्रकार का संदेह होने पर विभाग को तत्काल सूचना दें।

विभाग ने खाद्य कारोबारियों को भी सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों का ही विक्रय, भंडारण, प्रदर्शन और निर्माण करने की हिदायत दी है। जिले में मिलावट एवं दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। किसी भी प्रतिष्ठान में मिलावट या दूषित खाद्य सामग्री बेचे जाने की जानकारी मिलने पर विभागीय हेल्पलाइन नंबर 9340597097 पर शिकायत की जा सकती है। विभाग ने शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।




