खैरागढ़. चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से हुई तेज बारिश और आंधी ने ग्राम सलोनी और केकराजबोड़ के किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्राकृतिक आपदा के चलते खेतों में खड़ी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित किसानों ने नुकसान की भरपाई और उचित राहत की मांग को लेकर सरपंच सौरभ साहू की अगुवाई में बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत सलोनी के अंतर्गत सलोनी और केकराजबोड़ में अर्नब चक्रवात के कारण फसलों को व्यापक क्षति हुई है। किसानों ने प्रभावित खेतों का तत्काल सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन करने, नियमानुसार उचित मुआवजा प्रदान करने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को बीमा राशि का लाभ दिलाने की मांग की। साथ ही प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

इस दौरान उपसरपंच पुराणिक वर्मा, देवशरण वर्मा, ईश्वरी दास बंजारे, खेमलाल, सनत कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।




