खैरागढ़. आगामी नगर पालिका परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले जनसंपर्क और जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा नगर के सभी 20 वार्डों में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आम लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं और आगामी नगर पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील कर रहे हैं। नगर के सभी 20 वार्डों में दीपावली मिलन समारोह के आयोजन के बाद शुक्रवार को जिला भाजपा कार्यालय पिपरिया में जिला स्तरीय दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

प्रभारी मंत्री देवांगन ने कहा कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। सरकार किसानों, महिलाओं, गरीबों और आम नागरिकों के हित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कृषक उन्नति योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने पंजीकृत किसानों को कम धान बेचने अथवा धान नहीं बेचने की स्थिति में भी आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। इससे किसानों को एकमुश्त राशि देने की पूर्व घोषणा पूरी की जा रही है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, लखपति दीदी योजना, आयुष्मान भारत और निशुल्क राशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद 18 लाख आवासों की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में रामलला दर्शन योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
खैरागढ़ में भाजपा विधायक चुनने की अपील
प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक परिदृश्य पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ में भाजपा का विधायक नहीं होने के कारण क्षेत्र के विकास में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में लगभग 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्य संचालित होने का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से अगली बार खैरागढ़ में भाजपा का विधायक चुनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का विधायक होने से क्षेत्र के विकास को और गति मिल सकती है।
26 नई सहकारी सोसायटियों के गठन का किया उल्लेख
कार्यक्रम के स्वागत उद्बोधन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने दीपावली मिलन समारोह को आपसी सौहार्द, भाईचारे और उत्साह का अवसर बताया। उन्होंने कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों के हित में लिए गए निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जानकारी दी कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में केसीजी जिले में अनेक विकास कार्य किए जा रहे हैं और जिले में 26 नई सहकारी सोसायटियों का गठन किया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर उनका लाभ जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

सांसद संतोष पांडे ने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार होने से क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं। केसीजी जिले के विकास को प्राथमिकता में रखकर काम किया जा रहा है। उन्होंने आगामी नगर पालिका परिषद चुनाव में भाजपा के अध्यक्ष सहित सभी पार्षद प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने वनांचल क्षेत्रों में अमन-चैन स्थापित करने की दिशा में काम किया है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से पात्र महिलाओं को लाभ मिल रहा है, वहीं किसान सम्मान निधि से अन्नदाताओं का सम्मान किया जा रहा है।
भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
समारोह में जिला भाजपा प्रभारी नलिनीश ठोकने, भाजपा विधानसभा प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल तथा जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन घम्मन साहू ने किया।
इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना, कोमल जंघेल, किरण साहू, शशांक ताम्रकार, अनिल अग्रवाल, टीके चन्देल, खम्हन ताम्रकार, गिरजा चन्द्राकर, पुष्पा वर्मा, आयश सिंह, दिनेश वर्मा, विनय देवांगन, आलोक श्रीवास, नीलिमा गोस्वामी, गोरेलाल वर्मा, भुवन वर्मा और मुकेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



