खैरागढ़. छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर के उत्पादन और बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद इसकी सप्लाई का मामला सामने आने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। भोपाल से रायपुर जा रहे 15 क्विंटल एनालॉग पनीर को साल्हेवारा पुलिस चेकपोस्ट पर पकड़े जाने के बाद शुक्रवार को खाद्य विभाग के अधिकारियों और पुलिस जवानों की मौजूदगी में नष्टीकरण की कार्रवाई की गई। वहीं, मामले में क्रेता और विक्रेता दोनों फर्मों पर कार्रवाई की तैयारी है।

जानकारी के अनुसार डीआई वाहन क्रमांक MP 04 WC 8386 में द माखन डेयरी, कालापानी भोपाल से 50-50 किलो के 30 बॉक्स में कुल 15 क्विंटल पनीर भरकर श्री बालाजी इंटरप्राइजेज, भाटागांव रायपुर ले जाया जा रहा था। गुरुवार शाम करीब 6 बजे साल्हेवारा थाना के सामने रूटीन पुलिस चेकपोस्ट पर जवानों ने वाहन को जांच के लिए रुकवाया। वाहन में बड़ी मात्रा में पनीर मिलने पर पुलिस ने तत्काल खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वाहन को खैरागढ़ जिला मुख्यालय लाया गया।

खाद्य विभाग की जांच में पनीर के बॉक्स पर न तो बैच नंबर मिला और न ही विनिर्माण एवं अवसान तिथि अंकित थी। वाहन चालक भी पनीर के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह इससे पहले भी दो से तीन बार इसी फर्म को पनीर पहुंचा चुका है। खाद्य विभाग ने पनीर को एनालॉग मानते हुए वाहन समेत जब्त कर विधिक नमूना लिया था। जब्त 15 क्विंटल पनीर को अब अधिकारियों और पुलिस जवानों की उपस्थिति में नष्ट कर दिया गया है।
बिल में क्रेता का नाम, फिर भी दोनों फर्मों का इनकार

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने बताया कि पनीर का विधिक नमूना लेकर जांच के लिए उच्च कार्यालय भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद क्रेता और विक्रेता दोनों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि क्रेता श्री बालाजी इंटरप्राइजेज, रायपुर और विक्रेता द माखन डेयरी, भोपाल दोनों जब्त पनीर को अपना बताने से इनकार कर रहे हैं। जबकि वाहन चालक द्वारा प्रस्तुत किए गए बिल में क्रेता के स्थान पर स्पष्ट रूप से श्री बालाजी इंटरप्राइजेज, रायपुर का नाम दर्ज है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोनों फर्मों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिबंध के बावजूद कारोबार, कार्रवाई पर टिकी निगाहें
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने एनालॉग पनीर के उत्पादन और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद दूसरे राज्य से इतनी बड़ी मात्रा में पनीर का प्रदेश में पहुंचना खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। चालक के दो से तीन बार पहले भी इसी फर्म को पनीर पहुंचाने के बयान से सप्लाई के नेटवर्क की जांच भी अहम हो गई है। अब बड़ा सवाल यह है कि प्रतिबंधित पनीर के कारोबार में कथित रूप से शामिल क्रेता श्री बालाजी इंटरप्राइजेज और विक्रेता द माखन डेयरी, भोपाल पर जांच रिपोर्ट आने के बाद वास्तव में कड़ी कार्रवाई होती है या मामला महज औपचारिकता बनकर रह जाता है? आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ के इस मामले में दोनों फर्मों की जवाबदेही तय होना जरूरी है।



