खैरागढ़. प्रदेश में संचालित 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिले के साल्हेवारा क्षेत्र में पुलिस की मदद से लगभग 1500 किलोग्राम संदिग्ध एनालॉग पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया। जब्त पनीर 30 बॉक्स में भरकर वाहन के माध्यम से परिवहन किया जा रहा था।

नियंत्रक सह आयुक्त, खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडेय एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे ने साल्हेवारा पुलिस टीम के सहयोग से यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने वाहन क्रमांक MP-04 WC 8386 की जांच के दौरान प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के 30 बॉक्स बरामद किए, जिनका कुल वजन लगभग 1500 किलोग्राम बताया गया है। इसके बाद पुलिस ने जब्त सामग्री खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सौंप दी। खास बात यह रही कि जब्त सामग्री पर किसी व्यक्ति अथवा फर्म ने अपना स्वामित्व या दावा प्रस्तुत नहीं किया।
बॉक्स पर नहीं मिली जरूरी जानकारी

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा जब्त किए गए सभी 30 बॉक्स का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि किसी भी बॉक्स पर खाद्य सामग्री में प्रयुक्त सामग्री (Ingredients), निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, बैच अथवा लॉट नंबर, निर्माता फर्म का नाम-पता, संपर्क नंबर सहित अनिवार्य लेबल संबंधी कोई विवरण अंकित नहीं था। इससे उत्पाद की गुणवत्ता, निर्माण और उसकी वैधता से संबंधित जरूरी जानकारी भी उपलब्ध नहीं हो सकी।
पूरी खेप का कराया गया विनष्टीकरण
राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर लगाए गए प्रतिबंध को देखते हुए विभाग ने जब्त किए गए सभी 30 बॉक्स यानी लगभग 1500 किलोग्राम संदिग्ध पनीर का विनष्टीकरण करा दिया।

नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल ने कहा कि एनालॉग पनीर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। प्रदेश में इसके निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत प्रतिबंधित एनालॉग पनीर के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



