खैरागढ़. जिले ग्राम घोटिया में बीती शाम झरना फैशन कपड़ा एवं फैंसी दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा कपड़ा और फैंसी सामान जलकर खाक हो गया। घटना में दुकान संचालक झरना भोंडेकर, पति जयकिशन भोंडेकर को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक नुकसान सात लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है।

दुकान में आग लगने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। आग बुझाने के लिए ग्रामीणों ने तत्काल प्रयास शुरू किए। डायल 112 की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में मदद की। हालांकि, आग की चपेट में आने से दुकान में रखा सामान बड़े पैमाने पर नष्ट हो गया, जिससे संचालक को आर्थिक क्षति पहुंची है।
शॉर्ट सर्किट या कोई दूसरी वजह, जांच में होगा खुलासा

दुकान में आग किन परिस्थितियों में लगी, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही, यह जांच का विषय है। घटना के संबंध में खैरागढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

इस घटना ने दुकान संचालक के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है। फिलहाल सात लाख रुपये से अधिक के नुकसान का प्रारंभिक अनुमान है, जबकि वास्तविक क्षति का आकलन जांच और सामान के आकलन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


