खैरागढ़. यातायात नियमों के उल्लंघन पर अब वाहन चालकों को चालान भुगतान के लिए असुविधा नहीं होगी। खैरागढ़ यातायात शाखा में POS (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीन के माध्यम से ऑनलाइन ई-चालान की व्यवस्था 26 अक्टूबर 2026 से शुरू की गई है। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में शुरू हुई इस व्यवस्था से चालानी कार्रवाई में पारदर्शिता बढ़ेगी और भुगतान की प्रक्रिया आसान होगी।
अब वाहन चालक चालान की राशि का भुगतान मौके पर ही UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के जरिए कर सकेंगे। भुगतान के तुरंत बाद चालान की रसीद प्रिंट कर वाहन चालक को दी जाएगी। इसके अलावा नागरिक अपने चालान की स्थिति ऑनलाइन भी जांच सकेंगे।

नई व्यवस्था शुरू होने के साथ ही यातायात पुलिस ने चौक-चौराहों पर विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने, प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के ऑनलाइन चालान काटे गए।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। जिला केसीजी पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का प्रभावी पालन कराने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।


