खैरागढ़. खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत गातापार जंगल में रविवार को आयोजित भाजपा के एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस को उस समय झटका लगा, जब उसके 10 कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह तथा प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं केसीजी जिला प्रभारी नलिनीश ठोकने की उपस्थिति में सभी कार्यकर्ताओं का भाजपा में विधिवत स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं को गमछा पहनाकर और तिलक लगाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी परिवारवाद की राजनीति नहीं करती, बल्कि यह कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन की मजबूती पर आधारित दल है। यहां प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी देते हुए नए सदस्यों से संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कई ऐतिहासिक और जनहितकारी निर्णय लिए गए हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं जिला प्रभारी नलिनीश ठोकने ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार होने से विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन का कार्य परिवार की जिम्मेदारी की तरह समर्पण और निष्ठा के साथ किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू, टीके चंदेल, दिनेश वर्मा, गोरेलाल वर्मा, टोमेश साहू, संजय यदु, कमलेश भदौरिया, नरोत्तम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्थानीय ग्रामीणों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिससे पूरे आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। भाजपा नेताओं ने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके जुड़ने से संगठन को गांव स्तर पर और मजबूती मिलेगी।





