खैरागढ़. चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से हुई तेज बारिश और आंधी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। प्राकृतिक आपदा के चलते पिपरिया वार्ड क्रमांक-02 के किसानों की खेतों में खड़ी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। फसल की दुग्धावस्था में हुई इस क्षति से किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है। प्रभावित किसानों ने नुकसान का उचित मुआवजा और राहत दिलाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि अर्नब चक्रवात के कारण हुई तेज बारिश और आंधी से धान की फसल प्रभावित हुई है, जिससे उनकी आर्थिक सुरक्षा पर संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने प्रभावित खेतों का तत्काल एवं निष्पक्ष सर्वेक्षण कराकर वास्तविक फसल क्षति का आकलन करने, नियमानुसार पात्र किसानों को शीघ्र कृषि क्षति मुआवजा देने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों की फसल क्षति का आकलन कराकर बीमा राशि दिलाने की मांग की।
इसके साथ ही प्रभावित किसानों को आवश्यक आर्थिक राहत उपलब्ध कराने और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया गया। किसानों ने प्रशासन से उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र न्यायोचित राहत प्रदान करने की अपील की।
इस दौरान पार्षद शैलेन्द्र वर्मा, हर्षवर्धन वर्मा, मनराखन देवांगन, यशेश ठाकुर सहित पिपरिया क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।




