खैरागढ़. छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती और रसोई गैस की किल्लत को लेकर सियासी पारा पूरी तरह चढ़ चुका है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साय सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पिपरिया स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंचकर दुर्ग और बलरामपुर में हो रही अफीम की अवैध खेती के मुद्दे को लेकर जमकर नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

अफीम की खेती पर सरकार को घेरा
प्रदर्शन का मुख्य केंद्र दुर्ग और बलरामपुर जिलों में हाल ही में सामने आई अफीम की अवैध खेती का मुद्दा रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में मादक पदार्थों का यह काला कारोबार सत्ता के संरक्षण में फल-फूल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस मामले में संलिप्त बड़े चेहरों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोमल साहू ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा:

"छत्तीसगढ़ की शांतिप्रिय धरती पर अफीम की खेती होना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह सब सरकार की नाक के नीचे हो रहा है। यदि दोषियों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस इस आंदोलन को ब्लॉक स्तर से लेकर राजधानी तक और उग्र करेगी।"
"नशा परोस रही है सरकार" - कांग्रेस

शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज ने सामाजिक सरोकारों का हवाला देते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में नशे का कारोबार अपने चरम पर है। छोटे-छोटे बच्चे नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे प्रदेश का भविष्य अंधकारमय दिख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रभावी रोक लगाने के बजाय अप्रत्यक्ष रूप से नशा परोसने का काम कर रही है।
गैस किल्लत को लेकर भी सरकार को घेरा
प्रदर्शन के दौरान अफीम की खेती के साथ-साथ कांग्रेसियों ने प्रदेश सहित पूरे जिले में हो रही रसोई गैस की किल्लत को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेसियों का कहना था कि सिलेंडर न मिलने से आम जनता और व्यापारी वर्ग परेशान है। कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द रसोई गैस की आपूर्ति सुचारू नहीं की, तो इसके लिए भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में उमड़ा जनसैलाब

भाजपा कार्यालय के घेराव के दौरान कांग्रेस का भारी उत्साह देखने को मिला। इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिरमौर, विजय वर्मा, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, आकाशदीप सिंह, सुबोध पांडे, पूरन सारथी, रवींद्र सिंह गहरवार, रिंकू गुप्ता, नरेंद्र सेन, महेश यादव, शेखर दास वैष्णव, सूरज देवांगन, उमेश साहू, भूपेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा के लिहाज से मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, लेकिन कार्यकर्ताओं के आक्रोश के सामने प्रशासन को खासी मशक्कत करनी पड़ी। कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह जनहित और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी।

