खैरागढ़. जिले के जालबांधा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। ग्राम करमतरा निवासी 55 वर्षीय तिहारु साहू की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार तिहारु साहू किसी कार्य से जालबांधा गए हुए थे। वहां से अपना काम निपटाकर वे वापस अपने गांव करमतरा लौट रहे थे। इसी दौरान करमतरा चौक के पास गांव के ही राजू यादव के वाहन ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तिहारु साहू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास किया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर जलबांधा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
तिहारु साहू की असामयिक मृत्यु से पूरे करमतरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। वाहन चालक की भूमिका और हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।


