खैरागढ़. नगर पालिका खैरागढ़ के वार्ड क्रमांक 16 एवं 17 दाऊचौरा में शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान के संचालन स्थल को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। राशन प्राप्त करने में हो रही परेशानियों से नाराज दोनों वार्डों के निवासी सोमवार को बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्या के निराकरण की मांग की। वार्डवासियों ने सात दिवस के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर परिवारजनों एवं बच्चों के साथ कलेक्ट्रेट में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और घेराव करने की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में वार्डवासियों ने बताया कि पूर्व में राशन दुकान वार्ड के भीतर ही संचालित होती थी, जिससे हितग्राहियों को आसानी से और समय पर राशन मिल जाता था। आरोप है कि राशन दुकान का संचालन श्रद्धा साईं महिला स्वावलंबन केंद्र समिति को सौंपे जाने के बाद से समस्याएं बढ़ गई हैं। वार्ड में संचालित दुकान को बंद कर दूसरे स्थान पर ले जाया गया है। दुकान संचालक का घर वार्ड से करीब दो किलोमीटर दूर है, जहां हितग्राहियों को राशन लेने जाना पड़ता है।
वार्डवासियों का आरोप है कि संचालक उन्हें अपने घर आकर राशन ले जाने के लिए कहता है, लेकिन वहां पहुंचने पर कभी राशन खत्म होने तो कभी सर्वर डाउन होने की बात कहकर वापस लौटा दिया जाता है। इससे लोगों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और निर्धारित समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है।
इस अव्यवस्था का सबसे अधिक असर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और जरूरतमंद हितग्राहियों पर पड़ रहा है। वार्डवासियों का कहना है कि पहले दुकान वार्ड में रहने से किसी तरह की परेशानी नहीं होती थी, लेकिन वर्तमान व्यवस्था ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उन्होंने यह भी बताया कि समस्या को लेकर पूर्व में संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन देने के बावजूद समाधान नहीं हो पाया है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से राशन दुकान के स्थान परिवर्तन, वितरण व्यवस्था और सर्वर संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही, हितग्राहियों की सुविधा को देखते हुए राशन दुकान को पुनः वार्ड क्रमांक 16 अथवा 17 में संचालित कराने और सात दिनों के भीतर समस्या का निराकरण करने का आग्रह किया गया है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन वार्डवासियों की शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है।


