खैरागढ़/गंडई. जिले में अवैध शराब के विरुद्ध पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना गण्डई पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 28 पौवा देशी प्लेन शराब एवं एक चार पहिया वाहन जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 16 अप्रैल को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक छोटा हाथी वाहन (क्रमांक CG 08 AU 4010) में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है, जो पैलीमेटा से नर्मदा की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना गण्डई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम मानपुर नाका के पास नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में वाहन की सामने की सीट के नीचे रखे लाल रंग के थैले से 28 पौवा देशी प्लेन शराब (प्रत्येक 180 एमएल) बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 5.04 बल्क लीटर आंकी गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2520 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके से आरोपी अशोक कुमार सिन्हा (45 वर्ष), निवासी ग्राम नर्मदा चकनार को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख रुपये है। इस तरह कुल जब्ती की कीमत 1,02,520 रुपये आंकी गई है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




