छुईखदान. जिला केसीजी पुलिस ने जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बीरूटोला में जुए के फड़ पर छापा मारकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी रकम, 52 पत्ती ताश और अधजली मोमबत्ती जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 मई 2026 को थाना छुईखदान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बीरूटोला स्थित सुहावन तालाब के पार कुछ व्यक्ति मोमबत्ती की रोशनी में 52 पत्ती ताश से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना छुईखदान पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार यादव पिता धनसु राम यादव उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम बीरूटोला थाना छुईखदान, हरिराम वर्मा पिता सुखीराम वर्मा उम्र 48 वर्ष निवासी ग्राम बीरूटोला थाना छुईखदान, कपिल वर्मा पिता अशोक वर्मा उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम बीरूटोला थाना छुईखदान, कोमल वर्मा पिता उमेदी वर्मा उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम बीरूटोला थाना छुईखदान तथा रामरतन जंघेल पिता अंकलहु जंघेल उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम चारभाठा थाना छुईखदान जिला केसीजी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुए के फड़ से कुल 2420 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और एक अधजली मोमबत्ती जब्त की। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 203/2026 के तहत धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है।
थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ की इस कार्रवाई को सराहनीय माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


