खैरागढ़. सर्व सेन समाज जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के तत्वावधान में 12 मई 2026, मंगलवार को छुईखदान में जिला स्तरीय संत शिरोमणी सेन जी महाराज जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर समाजजनों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप देने में जुटे हुए हैं।
समारोह की शुरुआत सुबह 9 बजे भव्य शोभायात्रा एवं नगर भ्रमण से होगी। शोभायात्रा में समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा, बैंड-बाजे और जयघोष के साथ शामिल होंगे। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरने वाली यह शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके बाद सुबह 11 बजे संत शिरोमणी सेन जी महाराज की पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। दोपहर 12 बजे से अतिथियों का स्वागत किया जाएगा, जबकि दोपहर 2 बजे मुख्य समारोह एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम स्थल सरस्वती शिशु मंदिर, बिजली ऑफिस के पास छुईखदान निर्धारित किया गया है। समारोह में खैरागढ़ विधायक यशोदा निलाम्बर वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त मोना सेन की विशेष उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्व सेन समाज छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष पुनीत राम सेन तथा जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार करेंगी।
विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, नगर पंचायत छुईखदान अध्यक्ष नम्रता गिरीराज वैष्णव, उपाध्यक्ष प्रकाश महोबिया, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामकुमार पटेल एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष भावेश कोचर शामिल रहेंगे। सर्व सेन समाज के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सेन ने जिलेभर के स्वजातीय बंधुओं से सहपरिवार उपस्थित होकर समारोह को सफल बनाने की अपील की है।


