खैरागढ़. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रतिवर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी ‘परीक्षा पे चर्चा’ (पीपीसी) 2026 के माध्यम से देशभर के विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम के 9वें संस्करण में प्रधानमंत्री ने परीक्षा को भय नहीं, बल्कि उत्सव के रूप में देखने का संदेश देते हुए विद्यार्थियों को तनावमुक्त तैयारी के व्यावहारिक सुझाव दिए।

कार्यक्रम के दूसरे एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने कोयंबटूर, रायपुर, देवमोगरा और गुवाहाटी के विद्यार्थियों से अनौपचारिक बातचीत की। कोयंबटूर संस्करण की शुरुआत करते हुए उन्होंने तमिलनाडु के छात्रों की ऊर्जा और जिज्ञासा की सराहना की तथा “वनक्कम” कहकर उनका अभिवादन किया। इस दौरान छात्रों द्वारा पूछे गए स्टार्टअप, विकसित भारत और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे विषयों पर प्रधानमंत्री ने गंभीरता और सरलता से उत्तर दिए।
‘परीक्षा पे चर्चा’ का सीधा प्रसारण छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में किया गया। इसी क्रम में शासकीय मिडिल स्कूल एवं हाई स्कूल अमलीपारा में भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हुआ, जिसमें दोनों विद्यालयों के 209 छात्र-छात्राएं, 10 शिक्षक एवं 5 पालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे परीक्षा को लेकर उनका भय कम हुआ है। शिक्षकों ने इसे विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने वाला कार्यक्रम बताया।


