खैरागढ़. आस्था, श्रद्धा और लोक परंपरा के प्रतीक शीतला जुड़वास पर्व के अवसर पर 23 जुलाई 2026 को मां शीतला धाम, दाऊचौरा (खैरागढ़) में भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर नगर के वार्ड क्रमांक 16 एवं 17 के समस्त नागरिकों की ओर से श्रद्धालुओं को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
आयोजन समिति के अनुसार, प्रातःकाल से मां शीतला का विशेष श्रृंगार, पूजा-अर्चना एवं विधिवत आरती की जाएगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच भोग-प्रसाद का वितरण होगा। शाम के समय भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देना है।
आयोजन में श्री राकेश चंदवानी संरक्षक, सूरज देवांगन संयोजक तथा पंडित घनश्याम तिवारी पुजारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। समिति ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से परिवार सहित उपस्थित होकर मां शीतला का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
आयोजन समिति का कहना है कि मां शीतला की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का वास हो, इसी कामना के साथ यह धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए समिति द्वारा संपर्क व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है।





