खैरागढ़. शनिवार की संध्या खैरागढ़ के लिए आध्यात्मिक उल्लास और भक्तिपूर्ण वातावरण लेकर आई, जब ऐतिहासिक राजा फतेह सिंह खेल मैदान में 1008 पार्थिव शिवलिंगों के महारुद्राभिषेक का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। श्री राम गौ सेवा समिति, जय जगन्नाथ सेवा समिति, राजपरिवार दुर्गाउत्सव समिति एवं गोपीनाथ मंदिर समिति के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने नगर को शिव आराधना की अविरल धारा से सराबोर कर दिया।


कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7 बजे विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार और शिव तांडव स्तोत्र के पाठ के साथ हुई। छुईखदान के कुम्हारों द्वारा निर्मित पार्थिव शिवलिंगों पर जल, दूध, बेलपत्र एवं पूजन सामग्री से सामूहिक महारुद्राभिषेक किया गया। मंत्रोच्चार की गूंज, धूप-दीप की सुगंध और श्रद्धालुओं की एकाग्र साधना से वातावरण अत्यंत भक्तिमय हो उठा।


आयोजन स्थल पर भव्य पंडाल को मंदिरनुमा स्वरूप दिया गया था। पंडाल में स्थापित आदियोगी की विशाल प्रतिमा एवं राधा-कृष्ण की आकर्षक प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरे आयोजन के दौरान हर-हर महादेव और ऊँ नमः शिवाय के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।


Lसांस्कृतिक प्रस्तुति के अंतर्गत विभाष पाठक एवं उनके समूह द्वारा प्रस्तुत सुमधुर भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया और समूचा माहौल भक्ति रस में डूब गया। कार्यक्रम के दौरान की गई भव्य आतिशबाजी ने श्रद्धा के इस पर्व में उत्सव का रंग भर दिया।


कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति द्वारा सभी शिवभक्तों के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन समिति के सदस्य बंटी रंगलानी ने बताया कि यह आयोजन अपने छठवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और श्रद्धालुओं की आस्था के साथ इसकी भव्यता हर वर्ष बढ़ती जा रही है। शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन पर समिति ने सभी श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



