खैरागढ़. जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला केसीजी पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब भी जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना गातापार क्षेत्र के ग्राम भरतपुर में अवैध हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब की बिक्री की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान ग्राम भरतपुर निवासी रोहित कुमार धुर्वे (45 वर्ष), पिता भैयाराम धुर्वे को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सफेद कपड़े के थैले में दो पीले रंग के जरीकेन मिले, जिनमें प्रत्येक में 5-5 लीटर कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। इसके अलावा एक पीले रंग के प्लास्टिक थैले में रखे सफेद जरीकेन से भी 5 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 15 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3000 रुपये बताई जा रही है, जब्त की। आरोपी को शनिवार रात लगभग 8:30 बजे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 24/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में केसीजी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

