स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश लेकर निकली ‘निवेदन यात्रा’, वार्ड 09 में घर-घर पहुंची जागरूकता मुहिम
खैरागढ़. शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के संकल्प के साथ नगर पालिका परिवार एवं सेवाभावी नागरिकों द्वारा वार्ड क्रमांक 09, इतवारी बाजार सोनार पारा में ‘निवेदन यात्रा’ निकाली गई। “मेरा शहर साफ हो, जिसमें सबका साथ हो” के भाव के साथ आयोजित इस अभियान ने जनभागीदारी की मिसाल पेश की।

यात्रा के दौरान स्वयंसेवियों ने डोर-टू-डोर संपर्क कर नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने “हमारा परिसर, हमारी जिम्मेदारी” का संदेश देते हुए लोगों से अपने घर एवं दुकानों के आसपास कम से कम 5 मीटर के दायरे को स्वच्छ रखने की अपील की। साथ ही घर-घर कचरा संग्रहण करने वाली स्वच्छता दीदियों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग देने के लिए प्रेरित किया गया। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए “एक परिवार, एक पौधा” अभियान के तहत प्रत्येक परिवार से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने का आग्रह किया गया। इस दौरान पाम्पलेट वितरित कर लोगों को अभियान की जानकारी दी गई।
सेवाभावी नागरिकों का सम्मान

यात्रा के दौरान वार्ड के समाजसेवी और विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय नागरिकों का तिरंगा बैच लगाकर सम्मान भी किया गया। सम्मानित होने वालों में रूपाबाई नागरे, कलाराम रजक, शिक्षिका तारकेश्वरी साहू, सेवानिवृत्त शिक्षक देवेंद्र महोबे, बालमुकुंद सोनी, कैलाश नागरे और प्रदीप अग्रवाल शामिल रहे। इस पहल ने समाज में सकारात्मक योगदान देने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सहभागिता
निवेदन यात्रा में मुख्य नगर पालिका अधिकारी पुनीत वर्मा, डॉ. आकाश कन्नौजे, पार्षद रूपेंद्र रजक, पार्षद दीपक देवांगन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। इनके अलावा प्रणय महोबे, नवीन महोबे, विष्णु महोबे, शेखर सोनी, समसुल होदा खान, रूपेश देवांगन, गोविंद सोनी, नीलेश सोनी, संजू सिंह, नीलम राजपूत, राजू यादव, संजय सालेचा, टोडर सिंह, जय श्री ताम्रकार और जहीन खान सहित अन्य लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।
नगर पालिका द्वारा चलाया गया यह अभियान न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है, बल्कि नागरिकों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग करते हुए सामूहिक प्रयासों से शहर को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी है।


