खैरागढ़. खाद्य पदार्थों में मिलावट, प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल और खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता की अनदेखी पर अब खाद्य एवं औषधि प्रशासन सख्ती बरतने जा रहा है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में 16 से 30 नवंबर तक 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैंटीन, कैटरिंग सेवाओं और स्ट्रीट फूड वेंडर्स सहित सभी खाद्य सेवा प्रतिष्ठानों का शत-प्रतिशत निरीक्षण किया जाएगा। गंभीर अनियमितता मिलने पर प्रतिष्ठान का संचालन बंद कराने तक की कार्रवाई हो सकती है।

स्वास्थ्य मंत्री एवं स्वास्थ्य सचिव के निर्देश पर प्रदेशभर में संचालित होने वाले इस अभियान के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के नियंत्रक सह आयुक्त दीपक कुमार अग्रवाल ने 13 नवंबर को अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसी के तहत खैरागढ़ जिले में भी विभाग को निर्धारित अवधि में सभी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करना होगा।
रसोई, खाद्य भंडारण और कर्मचारियों की होगी जांच

निरीक्षण के दौरान रसोईघर, खाद्य पदार्थ तैयार करने एवं परोसने के स्थान, बर्तन, उपकरण, पेयजल और भंडारण व्यवस्था की जांच होगी। कच्चे एवं पके भोजन को अलग रखने, उचित तापमान, कचरा निपटान, नालियों की सफाई और कीट नियंत्रण पर भी ध्यान दिया जाएगा। कर्मचारियों के स्वच्छ वस्त्र, एप्रन, हेड कवर तथा प्रत्येक छह माह में स्वास्थ्य परीक्षण के अभिलेखों की जांच भी होगी।
मिठाई, बिरयानी, चाट और फास्ट फूड में रंगों की जांच

खाद्य पदार्थों में कृत्रिम एवं प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल पर विशेष निगरानी रहेगी। मिठाई, ग्रेवी, बिरयानी, करी, चटनी, पेय पदार्थ, रोस्टेड चिकन, चिली, चाट, मंचूरियन और अन्य फास्ट फूड में प्रयुक्त रंगों की जांच की जाएगी। गैर-खाद्य, औद्योगिक, प्रतिबंधित अथवा अनधिकृत रंग मिलने पर संबंधित खाद्य पदार्थ एवं रंगों का विनष्टीकरण कराया जाएगा।
कमियां मिलने पर लाइसेंस निलंबन, कारोबार पर रोक
गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां या खाद्य सुरक्षा के लिए जोखिम मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सुधार सूचना, नमूना संकलन और लाइसेंस अथवा पंजीयन निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। कमियां दूर होने तक संबंधित प्रतिष्ठान की खाद्य सेवा और खाद्य पदार्थों के क्रय-विक्रय पर रोक लगाई जा सकती है। बिना वैध लाइसेंस या पंजीयन के कारोबार करने वालों पर भी कार्रवाई होगी। इसके अलावा खाद्य पदार्थों की पैकिंग और परोसने में अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने के लिए कारोबारियों को जागरूक किया जाएगा।
खाद्य कारोबारियों को मानकों का पालन कराएगा विभाग
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन सिद्धार्थ पांडे ने बताया कि जिले में विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। खाद्य कारोबारकर्ताओं से ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान की टैगलाइन के अनुरूप स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नियंत्रक सह आयुक्त दीपक कुमार अग्रवाल ने सभी जिला अधिकारियों को निर्धारित 15 दिनों में शत-प्रतिशत निरीक्षण पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य जिले के खाद्य कारोबार में स्वच्छता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ आम नागरिकों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना है।




