खैरागढ़. बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खैरागढ़ में बच्चों की दिनचर्या एवं सर्वांगीण विकास के विषय पर विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मार्गदर्शक के रूप में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज रायपुर के डॉ. चुम्मन साहू उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक, शारीरिक एवं बौद्धिक रूप से स्वस्थ रहने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी।

डॉ. साहू ने बच्चों से अपनी शिक्षण यात्रा के अनुभव साझा करते हुए बताया कि पढ़ाई के दौरान किन-किन बातों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य और एकाग्रता के लिए व्यायाम, मेडिटेशन एवं योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आग्रह किया। साथ ही बच्चों को नियमित और अनुशासित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी। सेमिनार के दौरान करियर गाइडलाइन सहित विभिन्न विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया गया, जिससे विद्यार्थियों को अपने भविष्य की दिशा तय करने में मदद मिल सके।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य रानू शर्मा ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने समस्त विद्यार्थियों को तिलक लगाकर बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा बच्चों से पंडित जवाहरलाल नेहरू के आदर्शों को अपनाने का आग्रह किया। इस तरह ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी आयोजन के साथ बाल दिवस कार्यक्रम संपन्न हुआ।




