खैरागढ़. नगर में त्योहार के दौरान एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 7.30 बजे ठाकुरपारा के करीब 15 से 20 युवक कथित तौर पर हाथों में डंडे और चाकू लेकर अचानक तुरकारीपारा पहुंचे। यहां संतोषी माता की स्थापना वाले मंच पर मोहल्ले के अन्य युवकों के साथ बैठे ओम सारथी (26), पिता राजेश सारथी पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने ओम की पीठ पर चाकू से दो वार किए और मौके से फरार हो गए।
घटना में गंभीर रूप से घायल ओम को सिविल अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल
इस घटना ने त्योहारों के दौरान नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते 19 अक्टूबर की रात ग्राम देवरी में दशहरा आयोजन के दौरान एक ही परिवार के चार लोगों के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। वहीं, पिछले वर्ष गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल, सूत्रों के मुताबिक घटना के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


