खैरागढ़. जिला मुख्यालय खैरागढ़ में नगर दशहरा उत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी भव्यता और उत्साह के साथ दशहरा उत्सव मनाया गया। भगवान श्रीराम के जयघोष, आकर्षक शोभायात्रा, पारंपरिक लोकनृत्यों और भव्य आतिशबाजी के बीच रावण भांठा में श्रीराम ने 41 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। इस ऐतिहासिक परंपरा के साक्षी बनने नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

बांके बिहारी मंदिर से निकली शोभायात्रा

दशहरा उत्सव की शुरुआत बांके बिहारी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान रथ पर सवार होकर बाजे-गाजे के साथ रावण दहन के लिए रवाना हुए। हर वर्ष की परंपरा के अनुसार बांके बिहारी मंदिर में विराजित मां दुर्गा की प्रतिमा भी शोभायात्रा में शामिल रही। श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में निकली शोभायात्रा अस्पताल चौक होते हुए दंतेश्वरी मंदिर पहुंची, जहां मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया गया। इसके बाद यात्रा गोलबाजार, बख्शी मार्ग और इतवारी बाजार होते हुए रावण भांठा पहुंची।
आतिशबाजी के बीच रावण दहन, गूंजे जय श्रीराम के जयकारे

रावण भांठा में भव्य आतिशबाजी के बीच भगवान श्रीराम ने 41 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया। रावण दहन के दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। शोभायात्रा के दौरान डीजे और धुमाल की धुन पर श्रद्धालु जमकर थिरकते रहे। जगह-जगह उमड़ी भीड़ और उत्सव के माहौल ने दशहरा की रौनक बढ़ा दी। शोभायात्रा में शामिल राउत नाचा और पंथी नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। पारंपरिक लोककलाओं की प्रस्तुतियों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की।
मां दुर्गा की प्रतिमा का हुआ विसर्जन
दशहरा उत्सव के दौरान बांके बिहारी मंदिर में विराजित मां दुर्गा की प्रतिमा को भी शोभायात्रा में शामिल किया गया। रावण दहन के पश्चात विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस तरह धार्मिक आस्था और परंपरा के संगम के साथ उत्सव का समापन हुआ।
खैरागढ़ का दशहरा बना क्षेत्रवासियों के आकर्षण का केंद्र

खैरागढ़ का दशहरा हर वर्ष नगरवासियों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहता है। इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों ने रावण दहन और मेले का आनंद लिया। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पूरे आयोजन स्थल और शोभायात्रा मार्ग पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती रही, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं नगर दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर, घम्मन साहू, डॉ. बिसेसर साहू, रामाधार रजक, विकेश गुप्ता, कमलेश कोठले, संजय शर्मा, शैलेन्द्र त्रिपाठी, खेमराज जैन, आलोक श्रीवास, गोरेलाल वर्मा, रूपेंद्र रजक, अजय जैन, देवीन कोठले, रेखा विकेश गुप्ता, नीलिमा गोस्वामी, प्रीति यादव, नीलम सिंह राजपूत, अय्यूब सोलंकी, राजेश देवांगन, नंद चंद्राकर, आयश सिंह, ऋषभ सिंह, अनीश सिंह, शिवांश बहादुर सिंह, विनय चोपड़ा, मयंक झा, नवीन सोनी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


