दुर्ग, 25 अप्रैल. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। शहर के एसटीएफ कॉलोनी में एक महिला ने घर में घुसकर आरक्षक की पत्नी और 9 वर्षीय बेटे की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी, जबकि एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरक्षक ललितेश यादव के घर पर शनिवार सुबह करीब 8 बजे आरोपी महिला पहुंची और अचानक हमला कर दिया। इस हमले में उनकी पत्नी रानी यादव और 9 वर्षीय बेटे आदित्य यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी बेटी तानिया यादव गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के दौरान एक अन्य बच्ची नैना यादव ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज एक दिन पहले भी घर आई थी, जिसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। हालांकि, आपसी विवाद और रंजिश इतनी बढ़ गई कि उसने अगली सुबह इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी और आरक्षक के बीच कथित अवैध संबंध थे या नहीं, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा गया है। सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच की जा रही है।
इस दोहरे हत्याकांड ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है, बल्कि कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए हर एंगल से जांच में जुटी है।




