घुमका. नवगठित नगर पंचायत घुमका में चुनावी शोर शनिवार शाम थम गया। अब 1 जून को होने वाले मतदान में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नगर पंचायत की पहली सरकार चुनेंगे। पहली बार नगर पंचायत चुनाव होने के कारण नगरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है और भाजपा तथा कांग्रेस के बीच सीधी एवं कांटे की टक्कर मानी जा रही है। आम आदमी पार्टी भी चुनावी मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है।

नगर पंचायत घुमका के कुल 15 वार्डों में चुनाव होना है। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने किरण वर्मा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से पूर्व सरपंच फूलमति वर्मा मैदान में हैं। चुनाव के अंतिम चरण में दोनों प्रमुख दलों ने पूरी ताकत झोंक दी। प्रदेश स्तर के नेताओं का लगातार घुमका दौरा इस चुनाव की अहमियत को दर्शाता रहा।
कांग्रेस प्रत्याशी फूलमति वर्मा ने प्रचार के अंतिम दिन नगर में आयोजित रैली के दौरान मतदाताओं से समर्थन की अपील करते हुए कहा कि उन्होंने सरपंच रहते हुए गांव के विकास के लिए काम किया और यदि नगर पंचायत अध्यक्ष चुनी जाती हैं तो उसी प्रतिबद्धता के साथ घुमका के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और स्थानीय समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी।

फूलमति वर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई चरम पर है और किसान खाद-बीज जैसी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि घुमका में हुए अधिकांश विकास कार्य कांग्रेस सरकार की देन हैं। उनके अनुसार घुमका को उप तहसील से पूर्ण तहसील का दर्जा कांग्रेस शासनकाल में मिला, वहीं नगर पंचायत बनाने की घोषणा भी तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार में की गई थी। इसके अलावा आत्मानंद स्कूल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्थापित हुईं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ही घुमका को नगर पंचायत का स्वरूप दिया है और वही इसे बेहतर ढंग से विकसित कर सकती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव जीतने के बाद वे मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, स्थानीय समस्याओं के निराकरण तथा अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए काम करेंगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घुमका-गोपालपुर मार्ग के प्रस्तावित चौड़ीकरण कार्य को भाजपा सरकार ने रोक दिया।

प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस द्वारा नगर में विशाल रैली निकाली गई। इस दौरान विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, भुनेश्वर बघेल, पदम कोठारी, जितेंद्र मुदलियार, आकाश शर्मा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ एवं युवा नेताओं तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर कांग्रेस प्रत्याशी फूलमति वर्मा के पक्ष में मतदान की अपील की।
अब चुनाव प्रचार थमने के बाद सभी की निगाहें 1 जून के मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं। नगर पंचायत घुमका के पहले चुनाव में मतदाता किसे अपना विश्वास सौंपते हैं, इसका फैसला जल्द ही मतपेटियों में कैद होने वाला है।


