खैरागढ़. जिला मुख्यालय खैरागढ़ में विजयादशमी पर नगर दशहरा उत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी भव्य दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान की आकर्षक झांकी, पारंपरिक शोभायात्रा, भव्य आतिशबाजी और 41 फीट ऊंचे रावण के दहन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। खैरागढ़ का दशहरा प्रतिवर्ष नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहता है। यही वजह है कि रावण दहन और दशहरा मेले का आनंद लेने बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।

दशहरा उत्सव के तहत पारंपरिक शोभायात्रा बांके बिहारी मंदिर से प्रारंभ होगी। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान रथ पर सवार होकर बाजे-गाजे के साथ रावण दहन स्थल के लिए रवाना होंगे। शोभायात्रा में नगर दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक विक्रांत सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा नंद चंद्राकर, सभी पार्षद, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी शामिल होंगे।
दंतेश्वरी मंदिर में पूजा के बाद आगे बढ़ेगी यात्रा
शोभायात्रा अस्पताल चौक होते हुए दंतेश्वरी मंदिर पहुंचेगी। यहां पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लेने के बाद यात्रा गोलबाजार, बख्शी मार्ग और इतवारी बाजार से होते हुए रावण भांठा पहुंचेगी। इस दौरान नगर में पारंपरिक दशहरा यात्रा का उत्साह देखने को मिलेगा।
हर वर्ष की परंपरा के अनुसार बांके बिहारी मंदिर में विराजित मां दुर्गा की प्रतिमा भी शोभायात्रा में शामिल होगी। रावण दहन के पश्चात मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। इस तरह दशहरा उत्सव में धार्मिक आस्था और वर्षों पुरानी परंपरा का संगम देखने को मिलेगा।
आतिशबाजी के बीच श्रीराम करेंगे रावण का दहन
रावण भांठा में उत्सव का मुख्य आकर्षण 41 फीट ऊंचे रावण का दहन रहेगा। यहां भव्य आतिशबाजी के बीच भगवान श्रीराम द्वारा रावण दहन किया जाएगा। इस आयोजन को देखने के लिए नगर के साथ आसपास के गांवों से भी लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। रावण दहन के साथ ही दशहरा मेले में उत्सव और उल्लास का माहौल बनेगा।
भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
खैरागढ़ का दशहरा प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित करता है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। शोभायात्रा के मार्ग और आयोजन स्थल के आसपास जगह-जगह पुलिस जवान तैनात रहेंगे, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने के साथ आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। पारंपरिक शोभायात्रा, धार्मिक अनुष्ठान और रावण दहन के साथ खैरागढ़ में दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।


