खैरागढ़. भारतीय जनता पार्टी मंडल खैरागढ़ शहर की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। पार्टी की नीतियों एवं सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने, नियमित जनसंपर्क अभियान चलाने तथा बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखना होगा। बैठक में आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सहित तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा पार्टी नेतृत्व पर जनता के विश्वास का परिणाम बताया।
बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए तय किया गया कि अब प्रत्येक माह के पहले सप्ताह में मंडल की नियमित बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों एवं गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी, ताकि संगठनात्मक कार्यों में निरंतरता और प्रभावशीलता बनी रहे।
बैठक में जिला भाजपा महामंत्री शशांक ताम्रकार, जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह, गिरजा नंद चंद्राकर, प्रदेश भाजयुमो कार्यसमिति सदस्य शैलेन्द्र त्रिपाठी, नीलिमा गोस्वामी, मंडल अध्यक्ष दिनेश वर्मा, ऋषभ सिंह, कीर्ति वर्मा, अनीश सिंह, डोरेलाल साहू, महेश गिरी गोस्वामी, हर्षवर्धन वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


