खैरागढ़. ग्राम पंचायत अमलीडीह कला में शनिवार 6 जून 2026 को विशेष ग्राम सभा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। ग्राम सभा में ग्रामीणों की व्यापक भागीदारी रही तथा स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को कचरा प्रबंधन की वैज्ञानिक व्यवस्था से अवगत कराते हुए स्वच्छ और स्वस्थ ग्राम निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक में बताया गया कि घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखना बेहद आवश्यक है। इससे कचरे का उचित निस्तारण, पुनर्चक्रण तथा पर्यावरण संरक्षण संभव हो सकेगा। ग्रामीणों को समझाया गया कि जैविक एवं अजैविक कचरे के पृथक्करण से स्वच्छता व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी और ग्राम में प्रदूषण की समस्या को भी कम किया जा सकेगा।

ग्राम सभा में उपसरपंच युवराज वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्राम सभा के दौरान स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों से सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, नालियों और अन्य सामुदायिक क्षेत्रों में कचरा नहीं फेंकने तथा ग्राम पंचायत द्वारा संचालित कचरा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई। पंचायत ने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन योजना के सफल संचालन एवं रखरखाव के लिए यूजर चार्ज की व्यवस्था की गई है। इस संबंध में ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी देते हुए समय पर यूजर चार्ज जमा करने का अनुरोध किया गया, ताकि योजना का संचालन सुचारू रूप से जारी रह सके।

ग्राम सभा में उपस्थित सभी ग्रामवासियों ने स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल ग्राम के निर्माण के लिए पंचायत का सहयोग करने तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने का सामूहिक संकल्प लिया। सरपंच रूपेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा कि ग्राम के समग्र विकास और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है तथा प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही स्वच्छ ग्राम का सपना साकार हो सकेगा।


