खैरागढ़. भीषण गर्मी और 44 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच शहर के वार्ड क्रमांक 10 लालपुर में पेयजल संकट और सफाई व्यवस्था की बदहाली को लेकर जनाक्रोश खुलकर सामने आ गया है। रविवार को क्षेत्रीय विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा के निर्देश पर शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने वार्ड का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया और लोगों की समस्याएं सुनीं।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन और नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन के नेतृत्व में पहुंची टीम के सामने बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। स्थानीय लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद घरों तक नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और हालात विकट बनते जा रहे हैं।
सिर्फ पानी ही नहीं, बल्कि सफाई व्यवस्था भी चरमराई हुई है। वार्ड में महीनों से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण गंदगी और दुर्गंध से लोगों का जीना दूभर हो गया है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। सार्वजनिक शौचालय की स्थिति भी बेहद खराब बताई गई—बिजली व्यवस्था ठप होने के कारण रात में उसका उपयोग करना जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि अंधेरे के कारण सांप-बिच्छू जैसे जीवों का खतरा बना रहता है, वहीं पास के बिजली खंभे में बल्ब तक नहीं लगा है।
वार्डवासियों ने भाजपा पार्षद पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभ नहीं मिलने और आवेदनों के लंबे समय से लंबित रहने की शिकायत भी सामने आई।
इस दौरान लोगों ने लालपुर एनीकट में पानी भरवाने को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए पूर्व प्रदर्शन पर आभार जताया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि पार्टी लगातार वार्डों का दौरा कर आम जनता की समस्याओं को उठा रही है और समाधान के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पुनीत वर्मा से फोन पर चर्चा कर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने नगरपालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे “कुंभकरणी नींद” में सोए हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पानी, सफाई और शौचालयों में बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं बहाल नहीं होतीं, कांग्रेस का जनहित आंदोलन जारी रहेगा।
दौरे के दौरान रविंद्र सिंह गहरवार, शेखर दास वैष्णव, सूर्यकांत यादव, महेश यादव, कन्हैया रजक, यतेंद्र जीत सिंह, विनोद यादव, नोहर मरकामडे, मंचू निषाद, देवशरण जोशी, भूपेंद्र जोशी, अशोक मेंद्री, किशोर बारले, कृपाराम सहित अन्य कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।




