खैरागढ़. क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित लमती बांध परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी के निर्देश पर जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेन्द्र त्रिपाठी के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों की टीम ने प्रधानपाठ बैराज में निर्माणाधीन लमती पिकअप वियर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और किसानों को मिलने वाले लाभों को लेकर अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को आवश्यक निर्देश दिए गए।इस दौरान जल संसाधन विभाग के एसडीओ अविनाश नायक भी मौजूद रहे।

निरीक्षण दल में जनपद उपाध्यक्ष लखन साहू, जनपद सभापति शैलेन्द्र मिश्रा, पुरुषोत्तम साहू, मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा, मंडल महामंत्री खेम सिन्हा, प्राधिकृत अधिकारी मुढ़ीपार नरोत्तम सिन्हा, सरपंच कुमेश साहू तथा पूर्व सरपंच गणेश पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस दौरान शैलेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि लमती पिकअप वियर और बांध परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए वरदान साबित होगी। उन्होंने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद आसपास के लगभग 1900 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे किसानों को गर्मी के दिनों में पानी की समस्या से राहत मिलेगी और खेती को नया संबल मिलेगा। उन्होंने मौके पर मौजूद जल संसाधन विभाग के अधिकारियों तथा निर्माण कार्य कर रही ठेकेदार एजेंसी मेसर्स के. डी. शर्मा को गुणवत्तापूर्ण और समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बताया गया कि यह पिकअप वियर 242 करोड़ रुपये की लागत से बन रही लमती बांध परियोजना का हिस्सा है, जबकि पिकअप वियर निर्माण पर लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
जल संसाधन विभाग के एसडीओ अविनाश नायक ने बताया कि क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से इस परियोजना की मांग कर रहे थे। प्रधानपाठ बैराज के गेट क्षतिग्रस्त होने के कारण बारिश का पानी बहकर आगे निकल जाता था, जिससे गर्मी के मौसम में किसानों को सिंचाई के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष सुशासन तिहार के दौरान मुढ़ीपार में ग्रामीणों से बांध निर्माण को लेकर करीब 100 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसके बाद शासन ने परियोजना को स्वीकृति दी।

एसडीओ नायक ने कहा कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है तथा वे स्वयं प्रतिदिन स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं।

वहीं मुढ़ीपार क्षेत्र के ग्रामीणों ने कहा कि बांध निर्माण से क्षेत्र में पानी की समस्या काफी हद तक दूर होगी। ग्रामीणों ने बताया कि सिंचाई संकट और जल समस्या को लेकर लंबे समय तक संघर्ष करने के बाद अब यह परियोजना जमीन पर उतर रही है। ग्रामीणों ने परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष Dr. Raman Singh का विशेष आभार व्यक्त किया।

