खैरागढ़. भीषण गर्मी के बीच आम लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से दाऊचौरा निवासी कैलाश श्रीवास्तव और शैलेष श्रीवास्तव ने एक सराहनीय सामाजिक पहल की है। नगर के व्यस्ततम और हृदय स्थल माने जाने वाले इतवारी बाजार स्थित सब्जी मार्केट में दोनों भाइयों ने अपनी माता स्वर्गीय लता श्रीवास्तव की स्मृति में आरो वाटर कूलर स्थापित कराया है।

गर्मी के इस मौसम में बाजार क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। सब्जी विक्रेता, ग्राहक, राहगीर और आसपास के व्यापारी लंबे समय तक धूप और उमस के बीच काम करते हैं। ऐसे में लोगों को स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने की यह पहल मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।

वाटर कूलर शुरू होने के बाद बाजार पहुंचने वाले लोगों ने राहत महसूस की और श्रीवास्तव परिवार की इस पहल की सराहना की। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की सुविधाएं समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करती हैं।
इस अवसर पर कैलाश श्रीवास्तव और शैलेष श्रीवास्तव ने कहा कि उनकी माता स्व. लता श्रीवास्तव हमेशा जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित करती थीं। उन्हीं की स्मृति को जीवंत रखने और जनसेवा के उद्देश्य से यह वाटर कूलर लगाया गया है।

कार्यक्रम के दौरान श्रीवास्तव परिवार के परिजन, कायस्थ समाज के सदस्य, वरिष्ठ नागरिक एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सामाजिक संगठनों और बाजार व्यापारियों ने भी इस पहल को प्रेरणादायी बताते हुए श्रीवास्तव परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया है।


