खैरागढ़. राजपूत क्षत्रिय महासभा छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में राजनांदगांव जोन की महत्वपूर्ण बैठक खैरागढ़ उप समिति में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत प्रभु श्रीराम एवं महाराणा प्रताप के तैलचित्रों पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके पश्चात संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
खैरागढ़ इकाई के पदाधिकारियों द्वारा महासभा के कोषाध्यक्ष एवं जोन प्रभारी नीरज सिंह, सह सचिव सत्येंद्र राजपूत, 62वें महाअधिवेशन के संयोजक पवन सिंह तथा मीडिया सेल प्रमुख आदर्श सिंह का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी 62वें महाअधिवेशन (28-29 मार्च, डोंगरगांव) की रूपरेखा तय करना रहा।

बैठक में अधिवेशन के प्रथम एवं द्वितीय दिवस के कार्यक्रमों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समाज में सामूहिक विवाह आयोजन को प्रोत्साहित करने, अधिवेशन स्थल को स्वच्छ व आकर्षक स्वरूप देने तथा समाज की सांस्कृतिक कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही ‘शौर्य पत्रिका’ के विमोचन पर भी चर्चा हुई, जिसमें वर्षभर के वैवाहिक विवरण एवं समाज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां संकलित रहेंगी।
बैठक में खैरागढ़ से शेर सिंह, जितेंद्र सिंह, शुभम सिंह, अजय सिंह, गड़ई से विष्णु सिंह, सुनील सिंह, राजनांदगांव से संतोष सिंह, रघुनंदन सिंह, बालोद से लोमेश सिंह सहित विभिन्न उप समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित रहे।
बैठक की जानकारी केन्द्रीय मीडिया सेल प्रमुख ठा. आदर्श सिंह द्वारा दी गई।



