खैरागढ़. जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस चौकी जालबाँधा ने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हंगामा कर राहगीरों से गाली-गलौज और मारपीट पर आमादा एक व्यक्ति को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की सुबह करीब 8 बजे मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम करमतरा स्थित प्रभुदास साहू के ईंट-भट्ठे के पास एक व्यक्ति शराब के नशे में लोगों से अभद्र व्यवहार कर रहा है। बताया गया कि आरोपी राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज कर रहा था तथा मारपीट करने पर आमादा था, जिससे क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल बन गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी जालबाँधा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम अविनाश सिंह (41 वर्ष), पिता अजीत सिंह, निवासी प्रगति नगर, रिसाली, भिलाई बताया। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा थी। पुलिस ने पहले आरोपी को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस की बात नहीं मानी और लगातार अशांति फैलाने वाला व्यवहार करता रहा।
स्थिति की गंभीरता और संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 42/264/2026 के तहत धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कार्यपालिक दंडाधिकारी, खैरागढ़ के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए गए।
केसीजी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई व्यक्ति शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अशांति फैलाने वाले और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।





