खैरागढ़. रानी रश्मि देवी सिंह शासकीय महाविद्यालय, खैरागढ़ में हिंदी विभाग द्वारा “हिंदी साहित्य का आधुनिक युग” विषय पर एक प्रभावी अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. ओपी गुप्ता के मार्गदर्शन एवं आईक्यूएसी के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को साहित्य के आधुनिक दौर की गहराई से समझ विकसित करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के तैल चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य वक्ता के रूप में बिहार के कटिहार स्थित सालमारी महाविद्यालय के हिंदी सहायक प्राध्यापक डॉ. टिकेश्वर प्रसाद जंघेल ने अपनी विद्वतापूर्ण प्रस्तुति दी। उन्होंने आधुनिक हिंदी साहित्य की विशेषताओं, प्रवृत्तियों और समकालीन संदर्भों को सरल एवं सहज भाषा में प्रस्तुत किया, जिससे विद्यार्थियों को विषय को समझने में विशेष सहूलियत मिली।

व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. जंघेल ने संतुलित एवं प्रेरणादायक उत्तर देकर समाधान किया। उन्होंने छात्रों को निरंतर अध्ययन और सृजनशीलता की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओपी गुप्ता, डॉ. जितेंद्र कुमार साखरे, यशपाल जंघेल, डॉ. उमेद कुमार चंदेल, होमन साहू, डॉ. मेधाविनी तुरे, डॉ. परमेश्वरी कुंभज टांडिया, पायल सुधाकर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. उमेद कुमार चंदेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन हिंदी विभागाध्यक्ष यशपाल जंघेल द्वारा किया गया। आयोजन ने विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ साहित्य के प्रति उनकी रुचि को भी सुदृढ़ किया।


